आंचलिक खबरें
क्षेत्रीय खबरें
खेती किसानी
छत्तीसगढ़
राजनीति
*85 कि.मी. की दूरी मापने भाटापारा शाखा नहर में दौड़ा सिंचाई पानी*
शुक्रवार, 7 अगस्त 2020
Edit
85 कि.मी. की दूरी मापने भाटापारा शाखा नहर में दौड़ा सिंचाई पानी
आरंग
गंगरेल से सिंचाई हेतु छोड़ा गया पानी मंगलवार की शाम ढलते-ढलते भाटापारा शाखा नहर में भी दौड़ने लगा है। इस शाखा नहर की लम्बाई 85 किलोमीटर है जिसके कमांड क्षेत्र में आने वाले अंतिम छोर के ग्रामों तक इस पानी को पहुंचाने की चुनौती विभागीय अमला को है। वहीं इसके पहले महानदी मुख्य नहर से निकले सोनभट्ठा माइनर व कठिया आउटलेट से खेतों में जाने लायक पानी नहीं निकलने से किसानों में आक्रोश व्याप्त है। ज्ञातव्य हो कि कैबिनेट की बैठक के बाद जल संसाधन मंत्री रवीन्द्र चैबे ने खरीफ सिंचाई हेतु बांधों से पानी छोड़ने की घोषणा की थी। इसके बाद गंगरेल बांध से भी सिंचाई हेतु पानी छोड़ा गया है जो महानदी मुख्य नहर के अंतिम छोर तक पहुंच अब माइनरों, वितरक शाखाओं व आउटलेटों के माध्यम से प्यासे खेतों की ओर बहना शुरू कर दिया है। इसी महानदी मुख्य नहर के 101 किलोमीटर से 85 किलोमीटर लंबी भाटापारा शाखा नहर निकला है। मिली जानकारी के अनुसार इस शाखा नहर में वर्तमान में 500 क्यूसेक सिंचाई पानी की मांग थी पर महानदी मुख्य नहर में लेबल मेनटेन करने के प्रयास में इस शाखा नहर में 200 क्यूसेक पानी ही जा पा रहा था। इस पानी से इस शाखा के आउटलेटों की बात तो दूर माइनरों व वितरक शाखाओं से भी पानी नहीं निकल पा रहा था। इस शाखा सहित माढर शाखा नहर के कमांड क्षेत्र में धरसीवां विधानसभा के ग्राम आने से जहां किसानों ने क्षेत्रीय विधायक अनिता शर्मा का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया था वहीं कतिपय ग्रामों के किसानों ने बुडेनी के पूर्व उपसरपंच टेनूराम वर्मा के साथ जा रायपुर जिला जल उपभोक्ता संस्था संघ के अध्यक्ष रहे भूपेंद्र शर्मा से मुलाकात कर इसकी जानकारी दी थी। विधायक श्रीमती अनिता शर्मा ने जहां जल संसाधन मंत्री रवीन्द्र चैबे से इस संबंध में मुलाकात की थी वहीं श्री शर्मा ने विभागीय अधिकारियों से इस संबंध में चर्चा की थी। मंगलवार शाम ढलते-ढलते महानदी मुख्य नहर में पानी का लेबल मेन्टेन करने के बाद बुडेनी क्रास रेगुलेटर का उपयोग कर इस शाखा नहर में और लगभग 150 क्यूसेक पानी बढ़ा 350 क्यूसेक पानी छोडे जाने की जानकारी विभागीय सूत्रों ने देते हुये आवश्यकतानुसार महानदी मुख्य नहर में लेबल मेन्टेन कर और डिस्चार्ज बढ़ाने की बात कही है वहीं महानदी मुख्य नहर के 49 किलोमीटर से निकले माढर शाखा नहर में भी पानी दौड़ना शुरू हो गया है। इधर महानदी मुख्य नहर के 101 किलोमीटर पर कल मंगलवार को क्रासरेगुलेटर का उपयोग कर सिंचाई पानी का गेज बनाते जाने के चलते इस नहर के 99 किलोमीटर में 8.40 फीट पानी का स्तर बन जाने से सोनभट्ठा माइनर व कठिया आउटलेट से सिंचाई पानी की निकासी शुरू हो चला था जो आज इस गेज को मेन्टेन न करने की वजह से फिर निकासी बंद हो चला है। सिंचाई पंचायत टेकारी के अंतर्गत आने वाले इस सोनभट्ठा माइनर व कठिया आउटलेट से पानी निकासी बंद होने की पुष्टि करते हुते इस पंचायत के अध्यक्ष रहे भूपेंद्र शर्मा ने विभागीय अधिकारियों से नहर के 99 किलोमीटर पर 9.20 फीट का स्थायी गेज कम से कम 10 दिनो तक बनवाने का आग्रह किया है। इधर पिछले 2-3 दिनों से इसी सिंचाई पंचायत के अधीन आने वाले वितरक शाखा 24 के कमांड एरिया में आने वाले ग्राम टेकारी, कुंडा, कठिया, अमेरी व संकरी मे हो रहे सामयिक पर्याप्त बारिश के चलते सिंचाई पानी के व्यर्थ जाने की स्थिति के मद्देनजर ग्रामीणों ने जागरूकता का परिचय देते हुये समयपाल रामेश्वर साहू को इसकी जानकारी दे इस वितरक शाखा के गेट को फिलहाल गिरवा दिया है।
Previous article
Next article
