तोरला में किसान ने लगाई फांसी
तोरला में किसान ने लगाई फांसी
गोबरा नवापारा नगर
अभनपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक के गृहग्राम तोरला में मंगलवार सुबह एक किसान ने खेत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार नवापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत रहने वाला कृषक प्रकाश तारक 37 वर्ष मंगलवार सुबह 8 बजे के अपने घर से खेत जाने के लिए निकला और गांव से लगे भाटा खार में एक अन्य कृषक के खेत के मेड़ में लगे पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। गाँव के लोगों ने उसकी लाश को फांसी पर लटकते देख इसकी सूचना ग्राम सरपंच एवं परिजनों और गोबरा नवापारा पुलिस को दी गई। घटना की जानकारी लगते ही नवापारा थाना से प्रधान आरक्षक बृजराज सिंह ठाकुर मौके पर पहुंचे और ग्रामवासियों व परिजनों की मौजूदगी में मर्ग पंचनामा की कार्यवाही करते हुए लाश को उतरवाकर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
भाजपा ने किया जांच समिति का गठन
आत्महत्या मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने इसे गंभीरता से लेते हुए जाँच समिति बनाया है। जिसमें किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संदीप शर्मा, पूर्व अध्यक्ष पूनम चंद्राकर व किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री गौरीशंकर श्रीवास को शामिल किया है। नवापारा मंडल अध्यक्ष उमेश यादव ने बताया कि गुरूवार को दोपहर 1 बजे भाजपा द्वारा गठित जांच टीम पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात कर सात्वनां तथा घटना से संबंधित जानकारी लेकर रिपोर्ट तैयारी करेगी।
