14 से 19 दिसंबर तक घर-घर जाकर होगा असाक्षरों का सर्वे पढ़ना लिखना साक्षरता अभियान का प्रशिक्षण संपन्न
कलेक्टर श्री निलेशकुमार क्षीरसागर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री चन्द्रकांत वर्मा के निर्देशानुसार राज्य में संचालित केन्द्र प्रवर्तित पढ़ना लिखना अभियान साक्षरता कार्यक्रम में असाक्षरों के सर्वे हेतु ग्रामीण एवं नगरीय निकाय क्षेत्रों में गठित सर्वे प्रभारी एवं सर्वे सहायकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न हुआ। पढ़ना लिखना अभियान पूरे राज्य में पाँच वर्ष तक संचालित होनी है। इसके प्रथम चरण 2020-21 में 43 ग्राम पंचायत एवं नगर पालिका गरियाबंद व नगर पंचायत के 28 वार्डो का चयन किया गया है। नगर पालिका के महात्मा गांधी वार्ड क्र. 03, नया तालाब वार्ड क्र. 04, रावनभाठा वार्ड क्र. 07, डाक बंगला वार्ड क्र. 08, सुभाषचंद्र बोस वार्ड क्र. 11 एवं नगर पंचायत राजिम, नगर पंचायत छुरा व नगर पंचायत फिंगेश्वर के चिन्हांकित वार्डो में इस वर्ष प्रारंभ होना है। इसके लिए पंचायत प्रभारी, वार्ड प्रभारी एवं सर्वे प्रभारी व सहायकों की नियुक्ति की जा चुकी है। सर्वे 14 दिसंबर को प्रारंभ होगा और 19 दिसंबर तक सर्वे कार्य चलेगा। इस दौरान सर्वेदल द्वारा घर-घर जाकर प्रत्येक लोगों की जानकारी लेकर उनका सर्वे किया जावेगा। साथ ही साथ प्रत्येक 10 असाक्षर पर एक केन्द्र और उसके लिए स्वयंसेवी शिक्षकों का चयन किया जावेगा। स्वयंसेवी शिक्षक एनसीसी व एनएसएस के छात्र, पूर्व छात्र, पूर्व प्रेरक, मनरेंगा के मेट, पूर्व सेवानिवृत शिक्षक भी हो सकते है। सर्वे में प्रपत्र 01 में असाक्षरों का आधार नंबर, मकान नंबर, मोबाईल नंबर, जाति वर्ग इत्यादि जानकारी एकत्र की जावेगी। जिसका गोश्वारा प्रपत्र 02 में होगा जिसमें सरपंच/पंच/पार्षद का हस्ताक्षर भी कराया जावेगा। ऑनलाईन प्रविष्टि का कार्य भी गरियाबंद के साक्षरता कार्यालय में होगा। असाक्षरों को 120 घण्टे अध्यापन कराया जावेगा। जिसके बाद परीक्षा में उन्हें सम्मिलित किया जावेगा। ग्रामीण के 43 पंचायतों में 6000 का लक्ष्य निर्धारित है। इसी प्रकार नगरीय निकायों में 04 नगरीय निकाय में 2000 का लक्ष्य निर्धारित है। जिसमें 75 प्रतिशत महिला एवं 25 प्रतिशत पुरूष वर्ग होगें। सर्वे प्रभारियों का प्रशिक्षण में कुशल प्रशिक्षक श्री अर्जुन धनजय सिन्हा, श्रीमती चंद्रिका साहू , श्री शंकर लाल यदु, श्रीमती मोहनी गोस्वामी, श्री सदानंद सर्वाकर, श्री इन्द्रप्रीत कौर कुकरेजा, श्रीमती प्रतिभा सकरिया, श्री मनोज कुमार साहू, श्री युगल किशोर कश्यप, श्री भुनेश्वर प्रसाद साहू, श्री धमेन्द्र सिंह ठाकुर, श्री नेतराम साहू, श्री द्रोण कुमार साहू द्वारा सर्वे के दौरान उनके द्वारा की जाने वाले कार्य एवं दायित्वों को समझाया। साथ ही सर्वे में 15 वर्ष से उपर के लोगों को जो असाक्षर है उनका सर्वे कर प्रपत्र 01 एवं 02 भरकर साक्षरता कार्यालय में 19 दिसंबर तक जमा करने कहा गया है।