छतौना --सड़क सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दे पर कलेक्टर रायपुर एवं NHAI को सौंपा गया ज्ञापन, कार्रवाई की मांग अब भी अधूरी
छतौना चौक की सड़क दुर्घटनाओं पर प्रशासन की चुप्पी चिंताजनक
सड़क सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दे पर कलेक्टर रायपुर एवं NHAI को सौंपा गया ज्ञापन, कार्रवाई की मांग अब भी अधूरी
आरंग
राष्ट्रीय राजमार्ग NH-53 स्थित छतौना चौक (दरबा मार्ग) पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं एवं बढ़ती जनहानि को लेकर पूर्व जिला पंचायत सदस्य परमानंद जांगड़े, जनपद सदस्य श्रीमती सरोजनी जांगड़े, सरपंच ग्राम पंचायत छतौना भोज कुमार यदु ने थाना प्रभारी मंदिर हसौद के माध्यम से कलेक्टर रायपुर, पुलिस अधीक्षक रायपुर एवं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को विस्तृत ज्ञापन सौंपकर तत्काल सड़क सुरक्षा के स्थायी उपाय करने की मांग की है।
थाना प्रभारी मंदिर हसौद द्वारा उक्त ज्ञापन को नियमानुसार संबंधित विभागों को अग्रेषित भी कर दिया गया है। इसके बावजूद अब तक सड़क सुरक्षा के संबंध में कोई ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने से क्षेत्रवासियों में गहरी चिंता एवं आक्रोश व्याप्त है।
ज्ञापन में बताया गया है कि छतौना चौक वर्तमान में राष्ट्रीय राजमार्ग का अत्यंत दुर्घटना संभावित क्षेत्र बन चुका है। पिछले कुछ समय में यहां कई गंभीर सड़क दुर्घटनाएँ हुई हैं, जिनमें लोगों की मृत्यु हुई है तथा अनेक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद संबंधित विभागों द्वारा स्थायी समाधान नहीं किया जाना जनसुरक्षा के प्रति गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
ज्ञापन में छतौना चौक पर तत्काल स्पीड ब्रेकर, प्रभावी ट्रैफिक सिग्नल, डिवाइडर, रिफ्लेक्टर एवं चेतावनी संकेतक, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, भारी वाहनों की गति नियंत्रण, नियमित पुलिस निगरानी सहित अन्य आवश्यक सड़क सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की गई है, ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं एवं जनहानि को रोका जा सके।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी केवल दुर्घटना होने के बाद औपचारिक कार्रवाई करना नहीं, बल्कि समय रहते आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित कर दुर्घटनाओं की रोकथाम करना भी है। यदि शीघ्र आवश्यक कदम नहीं उठाए गए और भविष्य में कोई अप्रिय घटना घटित होती है, तो उसकी नैतिक एवं प्रशासनिक जिम्मेदारी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों की होगी।
जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन, पुलिस विभाग एवं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से संयुक्त निरीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक सड़क सुरक्षा उपाय तत्काल लागू करने की मांग की है, जिससे आम नागरिकों के जीवन एवं सुरक्षा की रक्षा सुनिश्चित हो सके।
थाना प्रभारी, मंदिर हसौद ने बताया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा प्राप्त ज्ञापन को नियमानुसार संबंधित विभागों एवं सक्षम अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु अग्रेषित कर दिया गया है।
