पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा
गंगा जल को हाथ में लेकर कसम खाने वाले, गीता पे हाथ रखने वाले अपने वादे से मुकर गए है डॉ रमन सिंह
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा
खिलेश्वर गोस्वामी/राजिम
राजिम मंडल के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग कार्यक्रम में शुक्रवार को यादव धर्मशाला में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण का बड़ा महत्व है। चाहे वह राजनीतिक दल का हो या फिर प्रशासनिक सेवा का। पार्टी के कार्यकर्ता देव तुल्य है। आपसे ही पार्टी की पहचान होती है। कहा कि क्षमता हर किसी के भीतर है। प्रशिक्षण से बहुत फर्क पड़ता है। सामान्य व्यक्ति बड़े से बड़े पद में बैठने लायक बन जाते है। यहां से जब आप जाएंगे तो अपने आप में खुद ही बेहतर महसूस करेंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ऊपर बरसते हुए डॉ रमन सिंह ने कहा कि ये सरकार झूठे मामले बनाती है।
एफआईआर कर रहे है। इससे घबराने की जरूरत नही है। जोगी के आतंक को भी देखा है। पार्टी के कार्यकर्ता आपातकाल की पीड़ा को भी भोगा है। इंदिरा गांधी की तानाशाही के चलते कई हजारों हजार कार्यकर्ताओं को जेल में ठूस दिया गया था। कहा कि इस सरकार को मैं बताना चाहता हूं कि भाजपा के कार्यकर्ता डरने वाले नही है। डॉ सिंह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का कई बार नाम ले लेकर कहा कि गंगा जल को हाथ में लेकर कसम खाने वाले, गीता पे हाथ रखने वाले अपने वादे से मुकर गए है।
इन्होने कहा कि छत्तीसगढ़ में शराबबंदी करेंगे। माताएं, बहनें इससे प्रभावित हो गई। अब पता चल रहा है कि भूपेश बघेल ने कैसा झूठ बोला है। भूपेश जैसा लबरा तो पूरे हिंदुस्तान में कही नही है। अब तो घर पहुंच सेवा चल रहा है। तीस फीसदी अवैध शराब बेच रहे है। दुनिया में कहीं ऐसा नही होता जो छत्तीसगढ़ में हो रहा है। किसानों के बोनस देने में इनके पसीने छूट गए है। दो साल में ही यह सरकार हफर गई है। पैसा दे भी रही है तो हफर-हफर के। नवयुवकों को छला गया। बेरोजगारी भत्ता देने की बात कही गई थी।
मुझे बता दें कि किस युवक को बेरोजगारी भत्ता मिला है? डॉ सिंह ने कहा कि हमारे कार्यकाल में स्वीकृत हुए काम का ये भूमिपूजन और उदघाटन कर रहे है। दस हजार का रेत पैंतीस हजार में मिल रहा है। पच्चीस हजार भूपेश टैक्स है। ये सरकार लुटेरी सरकार है। छत्तीसगढ़ में दो साल में त्राहि-त्राहि मच गया है। डॉ सिंह ने इस अवसर पर जन संघ से लेकर भाजपा तक के यात्रा का वृतांत भी बताया। कहा कि डॉ श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने पार्टी को जन्म दिया। यह पार्टी मुददों की राजनीति करती है। पार्टी का मुख्य उददेश्य राष्ट्र निर्माण है। ये हमारे संस्कार में है। डीएनए में है। हम पीछे हटने वालों में से नही है। डॉ सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संघर्ष के लिए तैयार रहने कहा। चुनाव के लिए बचे तीन साल तक एक भी दिन घर में नही रहेंगे। सरकार के खामियों और दगाबाजी को जनता को बताएंगे। भूपेश बघेल नरवा, गरवा, घुरवा, बारी से ज्यादा कुछ नही जानते। अब तो गोबर घोटाला भी होने लगा है। डॉ सिंह के पहले कार्यकर्ताओं को सांसद चुन्नीलाल साहू, पूर्व सांसद चंदूलाल साहू, जिला भाजपा के अध्यक्ष राजेश साहू ने संबोधित किया। इस अवसर पर बिन्द्रानवागढ़ के विधायक डमरूधर पुजारी, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, किसान मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष संदीप शर्मा, जिला भाजपा उपाध्यक्ष महेश यादव, श्याम अग्रवाल, डॉ रामकुमार साहू, जिला भाजपा कोषाध्यक्ष राहुल सेन, जिला पंचायत सदस्य शेखर साहू, गरियाबंद नगरपालिका के अध्यक्ष गफ्फू मेमन, जिला भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल चंद्राकर, आशीष शर्मा, मिलेश्वरी साहू, राजिम मंडल अध्यक्ष कमल सिन्हा,चंदन साहू, मनोज देवांगन, विकास साहू, विभा अवस्थी, पूर्णिमा चंद्राकर, निलेश्वरी साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यक्रम के बाद डॉ रमन सिंह श्री राजीव लोचन मंदिर गए। यहां छत्तीसगढ़ की खुशहाली और सुख समृद्धि के लिए कामना किया।।



