*जनसंख्या स्थिरीकरण एवं गहन डायरिया नियंत्रण पखवाड़ा के जागरूकता रथ को कलेक्टर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया*
*जनसंख्या स्थिरीकरण एवं गहन डायरिया नियंत्रण पखवाड़ा के जागरूकता रथ को कलेक्टर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया*
गरियाबंद
जनसंख्या वृद्धि को रोकने तथा परिवार नियोजन के प्रति लोगों में जागरूकता लाने व गहन डायरिया नियंत्रण पखवाड़ा अंतर्गत जागरूकता रथ को आज कलेक्टर श्री निलेश क्षीरसागर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया । जिले में दो चरणों में जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा का आयोजन किया जायेगा।
प्रथम चरण (जनसंख्या दंपित्त संपर्क पखवाड़ा) 27 जून से 10 जुलाई 2021 तक रहेगा जिसके अंतर्गत परिवार नियोजन के महत्व के बारे में एवं जागरूकता बढ़ाये जाने हेतु आयोजित किया जावेगा तथा द्वितीय चरण 11 जुलाई से 24 जुलाई 2021 तक परिवार नियोजन सेवा प्रावधानों पर केन्द्रित रहेगा। सी.एम.एच.ओ डाॅ. एन.आर नवरत्न ने बताया कि पखवाडा का विषय आपदा में भी परिवार नियोजन की तैयारी, सक्षम राष्ट्र और परिवार की पूरी जिम्मेदारी है। जिले में समस्त विकासखण्डों में प्रचार-प्रसार करने व लोगों में परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता लाने के उद्देश्य से प्रचार-प्रसार किये जाने हेतु जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा के दौरान हाट बाजार स्थल पर मोर मितान मोर संगवारी चैपाल का आयोजन, सूचना, शिक्षा एवं संचार आदि विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रचार-प्रसार के साथ जिला चिकित्सालय गरियाबंद, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र छुरा एवं राजिम में परिवार कल्याण संबंधी परामर्श, उपचार व पुरूष नसबंदी सर्जन द्वारा सेवाएं प्रदाय की जायेगी। इसी तरह
गहन डायरिया नियंत्रण पखवाड़ा
अंतर्गत जिले के लोगों में डायरिया के प्रति जागरूकता लाने, ओ.आर.एस. की जानकारी डायरिया से पीड़ित बच्चों की पहचान कर उन्हें उच्च संस्था में रिफर करने हेतु प्रोत्साहित करने तथा उपचार प्रबंधन कर शिशु मृत्यु दर को कम करने के उद्देश्य से गहन डायरिया नियंत्रण पखवाड़ा 01 जुलाई से 15 जुलाई तक मनाया जायेगा। सी.एम.एच.ओ. डाॅ. एन.आर नवरत्न ने बताया कि सभी विकासखंडों के अधिकारियो एवं कर्मचारियों को विडियो कांफ्रेंस के माध्यम से 25 जून को प्रशिक्षित किया गया। उक्त पखवाडे के प्रथम सप्ताह में गहन डायरिया नियंत्रण से संबंधित गतिविधी की जावेगी जिसमें जिले के शून्य से पाँच साल के बच्चो के परिवारों में मितानिनों एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर भ्रमण कर ओ.आर.एस पैकेट एवं जिंक का वितरण किया जायेगा तथा ओ.आर.एस घोल बनाने की विधि एवं हाथ धुलाई का प्रदर्शन किया जायेगा। पखवाड़े के द्वितीय सप्ताह गर्भवती एवं शिशुवती माताआं को शिशु पोषण एवं आहार व्यवहार से संबंधित शिक्षा दी जावेगी । इसके साथ ही स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में हाथ धोने की विधि का प्रदर्शन किया जायेगा तथा डायरिया से बचाव के उपाय एवं जिंक गोली की उपयोगिता बताई जायेगी। उपरोक्त समस्त गतिविधियां गरियाबंद जिले के पूरे विकासखंडों में संचालित होंगी।
इस अवसर पर डीपीएम डॉ रीना लक्ष्मी एवं स्वास्थ्य विभाग के स्टाफ मौजूद थे।

