*कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को सर्वाधिक फोकस धान-खरीदी पर करने दिया जोर*
*कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को सर्वाधिक फोकस धान-खरीदी पर करने दिया जोर*
*राजस्व अधिकारियों की मासिक बैठक लेकर की लंबित प्रकरणों की समीक्षा*
जितेंद्र महमल्ला/धमतरी
कलेक्टर श्री पी.एस. एल्मा ने आज अपराह्न राजस्व विभाग की बैठक लेकर लंबित एवं प्रगतिरत कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने वर्तमान में चल रही धान-खरीदी पर सर्वाधिक फोकस करने पर जोर देते हुए केन्द्रों में सतत् निगरानी करने के निर्देश राजस्व अधिकारियों को दिए। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में उन्होंने पुराने लंबित प्रकरणों का निराकरण करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों से मार्गदर्शन लेते हुए तर्कसंगत एवं युक्तिपूर्वक शैली अपनाने की बात कही। प्रकरणों के निराकरण के साथ ही उनकी ऑनलाइन प्रविष्टि भी तत्काल करने के लिए कहा, जिससे निराकृत होने के बाद भी प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित ना प्रदर्शित हो। साथ ही राजस्व वसूली में तेजी लाने के लिए सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक में कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को अपने कोर्ट में बैठने की तिथि सुनिश्चित करने और कक्ष से बाहर उसका प्रदर्शन करने के लिए भी निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने सभी राजस्व रिकॉर्ड का अद्यतीकरण करने, खारिज किए गए प्रकरणों की गुणवत्ता का परीक्षण करने और राजस्व मामलों के निष्पादन हेतु सरलीकरण तरीका अपनाने पर कलेक्टर ने जोर दिया।
इसके पहले, अपर कलेक्टर श्री दिलीप अग्रवाल ने राजस्व प्रकरणों की अनुविभाग एवं तहसीलवार समीक्षा की। उन्होंने विवादित एवं अविवादित नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, बी-वन, खसरा, नक्शा अद्यतीकरण, भुइयां साफ्टवेयर में प्रविष्टि सहित भू-अर्जन, व्यवपवर्तन, अतिक्रमण सहित विभिन्न बिन्दुओं पर समीक्षा करते हुए सभी प्रकार के राजस्व प्रकरणों का गुणवत्तापूर्वक निराकरण करने पर जोर दिया। बैठक में अतिरिक्त दण्डाधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी अनुविभागीय अधिकारी धमतरी श्री विभोर अग्रवाल, कुरूद श्री डी.सी. बंजारे सहित तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।