त्रिवेणी संगम साहित्य समिति राजिम ने मनाया तुलसी जयंती
त्रिवेणी संगम साहित्य समिति राजिम ने मनाया तुलसी जयंती
श्रीरामचरित मानस सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ महाग्रंथ है-
नवापारा (राजिम):-
अञ्चल के सक्रिय साहित्यिक संस्था त्रिवेणी संगम साहित्य समिति राजिम नवापारा पं. क्र. 25298 जिला गरियाबंद ने संत शिरोमणि गोस्वामी तुलसीदास जी की जयन्ती बड़े ही धूमधाम से शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय नवागाँव में मनाया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मोहन लाल मानिकपन, राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षक थे, विशेष अतिथि के रूप में सुनील तिवारी,सतीश साहू,राजू साहू नीलकंठ निषाद सामाजिक कार्यकर्ता नवागाँव थे,जबकि अध्यक्षता कोमल सिह साहू प्रधान पाठक पूर्व माध्यमिक विद्यालय नवागाँव ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ शारदे एवम गोस्वामी तुलसीदास जी के तैलचित्र के सामने दीप प्रज्ज्वलित करके किया गया। युवा हस्ताक्षर के रूप में कवि तुषार शर्मा,"नादान" ने माँ शारदे की भक्तिमयी वन्दना प्रस्तुत किया। इसके पश्चात समिति के सह सचिव रोहित साहू"माधुर्य" ने तुलसीदास के व्यक्तित्व और कृतित्व पर चर्चा करते हुए कहा कि,गोस्वामी तुलसीदास जी वास्तव में संत शिरोमणि थे,जिन्होंने अपनी लेखनी के माध्यम से समाज को सतत रूप से मार्गदर्शन प्रदान किया है। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए कवि श्रवण कुमार साहू "प्रखर" ने कहा कि रामबोला को तुलसीदास बनाने में उनकी धर्मपत्नी रत्नावली का त्याग अद्भुत रहा है यह समाज रत्नावली का सदैव ऋणी रहेगा जिन्होंने तुलसी दास जी के जीवन धारा को बदलकर रामचरित मानस जैसे पवित्र ग्रंथ लिखने के लिए प्रेरित किया। मंच को संबोधित करते हुए मानस जिज्ञासु कवि युगल किशोर साहू ने कहा कि श्रीरामचरित मानस सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ ग्रंथ है जिसके समान आज तक कोई दूसरा नहीं हुआ। इस अवसर पर डॉ रमेश सोनसायटी,मकसूदन साहू बरीवाला,नरेंद्र पार्थ,केवरा यदु,प्रिया देवांगन,रामेश्वर रंगीला,सुरेश साहू, सुनील तिवारी,नीलकंठ निषाद,भारत साहू,ने अपनी अपनी उत्कृष्ट रचनाओं के माध्यम से तुलसीदास जी को याद करते हुए,वातावरण को ज्ञान,भक्ति पूर्ण माहौल से परिपूर्ण कर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कोमल सिंह साहू ने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास जी के व्यक्तित्व और कृतित्व को भुलाया नहीं जा सकता उनके द्वारा रचित ग्रंथ श्रीरामचरित् मानस,कवितावली,दोहावली,गीतावली,विनय पत्रिका जैसे अद्भुत ग्रंथ युगों युगों से मार्गदर्शन कर रहे हैं। कार्यक्रम को झाफड़ न्यूज चैनल के सुरेश साहू ने भी संबोधित किया।इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रकार के फुलदार पौधों का वृक्षारोपण किया गया। आभार व्यक्त सह सचिव रोहित कुमार साहू, "माधुर्य" ने किया।
