*स्कूल शिक्षा विभाग में राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की पदस्थापना का विरोध*
*स्कूल शिक्षा विभाग में राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की पदस्थापना का विरोध*
रायपुर
*छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की जारी स्थानांतरण सूची में स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत अपर संचालक के पद पर राज्य प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों की पदस्थापना का विभिन्न शिक्षक संगठनों ने मुखर रूप से विरोध किया है।*
*छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के प्रांताध्यक्ष ओंकार सिंह ठाकुर, छत्तीसगढ़ शिक्षक कांग्रेस के प्रांताध्यक्ष अनिल शुक्ला, छत्तीसगढ़ प्रदेश शिक्षक फेडरेशन के प्रांताध्यक्ष राजेश चटर्जी आदि ने माननीय डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम मंत्री स्कूल शिक्षा विभाग एवं डॉ. आलोक शुक्ला मुख्य सचिव स्कूल शिक्षा विभाग को छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल परिसर पेंशनबड़ा रायपुर में ज्ञापन सौपते हुए कहा कि स्कूल शिक्षा विभाग के भर्ती एवं पदोन्नति नियम में अपर संचालक का पद शत-प्रतिशत विभागीय पदोन्नति का पद है। स्कूल शिक्षा विभाग छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा विगत पांच वर्षों से संचालक, अपर संचालक, संयुक्त संचालक, उपसंचालक के पदों पर पदोन्नति नहीं होने कारण रिक्तता बनी हुई है। जबकि विभागीय कैडर के वरिष्ठ अधिकारी नियमित पदोन्नति में जारी अवरोध के चलते बग़ैर पदोन्नति के सेवानिवृत्त हो रहे हैं। ज्ञात हो कि स्कूल शिक्षा विभाग के सेटअप के अनुसार संचालक का एक पद भारतीय प्रशासनिक सेवा के अंतर्गत रखा गया है। जिस पर वर्तमान में भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी माननीय सुनील जैन पदस्थ है। शेष समस्त पदों की भर्ती विभागीय पदोन्नति से ही किया जाना हैं। अतः शेष पदों पर स्कूल शिक्षा विभाग में प्रशासन के अनुभवी विभागीय कैडर से वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नत किया जाना ही न्यायसंगत होगा।*
*शिक्षक संगठन के प्रांताध्यक्ष सहित उपस्थित समस्त पदाधिकारियों ने मंत्री एवं प्रमुख सचिव को मांग पत्र सौपते हुए अनुरोध किया कि स्कूल शिक्षा विभाग में ऐसी कोई नयी परंपरा प्रारम्भ न करते हुए रिक्त समस्त पदों पर यथाशीघ्र पदोन्नति की प्रक्रिया से ही पूर्ति करते हुए प्रदेश में प्रभारवाद की व्यवस्था को समाप्त किया जाए।*
*राज्य के शिक्षक संगठनों ने सरकार को आगाह भी किया कि यदि उपरोक्त पदस्थापना निरस्त नही की जाती है तो इसका समस्त शिक्षक संगठन की ओर से सामूहिक विरोध किया जाएगा। उक्त प्रतिनिधि मंडल में संभागीय अध्यक्ष रामनारायण मिश्रा, सचिव ओंकार प्रसाद वर्मा, संभागीय कोषाध्यक्ष गोविंद सोनी, जिलाध्यक्ष सुनील नायक, बृजराज सिंह वर्मा, राजेंद्र साहू, विजय कुमार वर्मा आदि सम्मिलित हुए।*
