आरंग नगर ---कालोनी में अवैध हॉस्पिटल निर्माण से जनता परेशान, अधिकारियो की चुप्पी
आरंग नगर ---कालोनी में अवैध हॉस्पिटल निर्माण से जनता परेशान, अधिकारियो की चुप्पी
आरंग
नपा वार्ड क्र. 17 लक्ष्मी विहार कालोनी में निर्माणाधीन अस्पताल की पूर्णतः अवैधता के प्रति मोहल्लावासियों की निरंतर शिकायतों के बावजूद स्थानीय प्रशासन की चुप्पी गंभीर चिंताजनक है। लिखित शिकायत के बावजूद नगर पालिका प्रशासन द्वारा कोई भी प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। स्थानीय निवासियों ने एस.डी.एम. एवं पालिकाधिकारी को भी वास्तविक स्थिति से अवगत करा दिया है. तथापि अब तक किसी प्रकार की कार्रवाई न होना इस वार्ड के सभी निवासियों के लिए एक गंभीर समस्या बन गया है।
यह ध्यान देने योग्य है कि जिस स्थल पर चार मंजिला अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है, वहां के निर्माणकर्ता डा. अभिषेक उपाध्याय ने आवासीय निर्माण की अनुमति प्राप्त की थी, जबकि अस्पताल का संचालन व्यवसायिक जन-सुविधा के दायरे में आता है।
अस्पताल के निर्माण से स्थानीय निवासियों को आवाजाही, निस्तारी और भविष्य में संभावित संक्रमण का खतरा सता रहा है। मोहल्लावासियों ने नगर पालिका प्रशासन से तात्कालिक एवं स्पष्ट कार्रवाई की मांग की है। सी.एम.ओ. के समक्ष बार-बार शिकायत करने के बावजूद टाल-मटोल की नीति अपनाई जा रही है, और राजस्व निरीक्षक नपा द्वारा डॉक्टर से वैमनस्य न उत्पन्न करने की सलाह दी जा रही है।
उक्त अवैध निर्माण का ठेका लेने वाले ठेकेदार ने राजस्व निरीक्षक नपा के समक्ष अस्पताल स्थापित करने की बात स्वीकृति करने पर भी आरंग नगर पालिका के मुख्य नपा अधिकारी द्वारा अवैध अस्पताल निर्माण की बात को स्वीकार नहीं किया जा रहा है और साक्ष्य प्रस्तुत करने की मांग कि जा रही है।
नगर प्रशासन द्वारा कार्रवाई के अभाव में स्थानीय लोगों ने कलेक्टर एवं मुख्यमंत्री के समक्ष धरना-प्रदर्शन और न्यायालय के दरवाजे खटखटाने का भी संकल्प लिया है। इस प्रकार, विभिन्न कारणों से कानून व्यवस्था के बिगड़ने का भी गंभीर आशंका व्यक्त की जा रही है।
उक्त अवैध निर्माण की शिकायत पर नगर पालिका प्रशासन द्वारा निर्माणकर्ता को तत्क्षण नोटिस जारी करने की बात कही गई एवं अवैध निर्माण के विरुद्ध विधिसम्मत कार्यवाही करने का आश्वासन प्रदान किया गया।