राजिम में निःशुल्क सैन्य भर्ती प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ 4 दिसंबर को आयोजित
राजिम में निःशुल्क सैन्य भर्ती प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ 4 दिसंबर को आयोजित
राजिम
धर्म नगरी राजिम के नवचेतना युवा मंच द्वारा युवकों के लिए नवीन पहल की जा रहा है, जिसके अंतर्गत सेवानिवृत्त सैनिकों द्वारा नि:शुल्क सैन्य भर्ती प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में राजिम एवं समीपस्थ क्षेत्र के 16 वर्ष से लेकर 28 वर्ष तक के युवा उम्मीदवारों को क्षेत्र के सेवानिवृत्त सैनिक नि:शुल्क प्रशिक्षित करेंगे। शिविर का उद्घाटन माननीय कलेक्टर गरियाबंद व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के कर-कमलों द्वारा 4 दिसंबर को पंडित रामबिशाल पाण्डेय शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में किया जाएगा।
उक्त जानकारी देते हुए मंच के संस्थापक सागर शर्मा ने बताया कि प्रशिक्षण हेतु उम्मीदवारों के चयन प्रकिया के अंतर्गत शारीरिक मापदंड का परीक्षण सूबेदार मेजर गोवर्धन शर्मा/ राष्ट्रीय महासचिव भूतपूर्व सैनिक संगठन, सेवानिवृत्त हवलदार मनीराम ढीमर, सेवानिवृत्त हवलदार कुलेश्वर प्रसाद तारक, सेवानिवृत्त हवलदार लाम्भाराम ध्रुव द्वारा किया गया है। शारीरिक मापदंड में उपयुक्त पाए गए सौ युवाओं का पंजीयन नि:शुल्क सैन्य भर्ती प्रशिक्षण शिविर हेतु पूर्ण हो चुका है। नि:शुल्क सैन्य भर्ती प्रशिक्षण शिविर के प्रथम चरण में दौ सौ योग्य युवाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य है। अत: उक्त शिविर हेतु पंजीयन करने हेतु योग्य युवाओं का आह्वान किया गया है।
समाज एवं देश के प्रति प्रतिबद्धता एवं युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा प्रदान करने के साथ-साथ वर्तमान समय की विभीषिका में डटकर खड़े होने के लिए सेवानिवृत्त सैनिकों एवं नवचेतना युवा मंच द्वारा की जाने वाली इस स्तुत्य पहल के पूर्व नवचेतना युवा मंच द्वारा नशामुक्त धार्मिक आयोजन एवं प्लास्टिक मुक्त क्षेत्र के लिए आह्वान एवं अपील, अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, सरस्वती पूजन कार्यक्रम, श्रीमद्भागवत गीता व श्रीकृष्ण जी की छायाप्रति भेंट करना जैसे विविध सामाजिक एवं साहित्यिक कार्य निष्पादित किए गए हैं।
4 दिसंबर को शुभारंभ होने वाले उक्त नि:शुल्क सैन्य भर्ती प्रशिक्षण शिविर में अधिकाधिक लोगों को शामिल होने की अपील की गई है।