आरंग नगर में स्थायी थोक व चिल्हर सब्जी बाजार की मांग
आरंग नगर में स्थायी थोक व चिल्हर सब्जी बाजार की मांग
आरंग
।प्रदेश के सबसे बड़े जनपद पंचायत आरंग मुख्यालय में 50 वर्ष के बाद भी सुविधायुक्त स्थायी सब्जी बाजार की व्यवस्था नही हो सका है।। बीस हजार से अधिक जनसंख्या वाले आरंग नगरपालिका क्षेत्र में स्थायी सब्जी बाजार नही होने से थोक व चिल्हर सब्जी विक्रेताओं को बार-बार जगह बदलना पड़ता है। आबादी को ध्यान में रखकर नपा क्षेत्र में तीन स्थानों पर चिल्हर सब्जी बाजार एवं एक स्थान पर थोक सब्जी बाजार की स्थायी रूप से आवश्यकता है। नपा प्रशासन के निर्देशानुसार सब्जी बाजार व थोक सब्जी मंडी को गांधी चौक, भंडारी तालाब, बस स्टैंड, नये कृषि उपज मंडी में समयानुसार स्थान बदलकर संचालित करना पड़ रहा। नगर में भूमि का अभाव और जनप्रतिनिधियों के द्वारा रुचि नही लिये जाने से स्थायी सब्जी बाजार की समस्या का हल अब तक नही किया जा सका है। माँ शारदा थोक सब्जी विक्रेता एवं उत्पादक संघ आरंग द्वारा कलेक्टर जनदर्शन , राज्यपाल, मुख्यमंत्री, स्थानीय मंत्री को ज्ञापन दिया जाकर समस्या के निराकरण का अनुरोध किया गया है। सब्जी विक्रेता संघ अध्यक्ष बिट्ठल साहू के नेतृत्व में जनदर्शन व आरंग प्रवास में कलेक्टर सौरभ कुमार से भेंट कर समस्या से अवगत करायें जाने के पश्चात कलेक्टर महोदय ने इसे संज्ञान में लेते हुए कहा कि मुझे कुछ समय दीजियेगा। समस्या का निराकरण शीघ्र ही हो सकेगा। ज्ञापन में बताया गया है कि आरंग व आस-पास गाँव के सब्जी-बाड़ी किसान भी सब्जी लेकर थोक सब्जी बाजार पहुंचकर सब्जी का विक्रय करते है। स्थायी सब्जी बाजार नही होने से उपभोक्ताओं व सब्जी विक्रेताओं को विभिन्न प्रकार की परेशानी व समस्या से जूझना पड़ता है।इसमें पार्किंग, आवारा मवेशी, पेयजल के साथ मूलभूत समस्या विद्यमान है। स्थायी सब्जी बाजार के सम्बंध में पालिकाधिकारी सौरभ शर्मा ने बताया कि कलई-घुमराभाठा रोड में स्थित शासकीय भूमि में सुविधायक्त सब्जी बाजार निर्माण की पहल किया जा रहा है।