*'एक राखी सैनिक भाई के नाम' अभियान में गूंजा देशप्रेम, विद्यार्थियों ने भेजीं 1000 इको-फ्रेंडली राखियां* - fastnewsharpal.com
फास्ट न्यूज हर पल समाचार पत्र,

*'एक राखी सैनिक भाई के नाम' अभियान में गूंजा देशप्रेम, विद्यार्थियों ने भेजीं 1000 इको-फ्रेंडली राखियां*

 *'एक राखी सैनिक भाई के नाम' अभियान में गूंजा देशप्रेम, विद्यार्थियों ने भेजीं 1000 इको-फ्रेंडली राखियां*





राजिम

 भाई-बहन के अटूट प्रेम और देशभक्ति की भावना का प्रतीक रक्षाबंधन पर्व इस बार नगर के प्रतिष्ठित शासकीय रामबिशाल पाण्डेय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में एक विशेष रूप में मनाया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपने नन्हे हाथों से 1000 हस्तनिर्मित ईको-फ्रेंडली राखियां तैयार कर आर्मी जवानों को भेजीं, साथ ही शुभकामना संदेश, ग्रीटिंग कार्ड और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सीडबॉल भी प्रेषित किए। कार्यक्रम में स्थानीय स्तर पर पुलिसकर्मियों को भी राखी बांधकर उनके समर्पण और सेवा भाव के लिए आभार व्यक्त किया गया। इस प्रेरणादायी आयोजन में मार्गदर्शन व्याख्याता समीक्षा गायकवाड़ का रहा। उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष साइंस क्लब सदस्य और विद्यार्थी इको-फ्रेंडली राखियां बनाकर वीर सैनिकों को भेजते हैं। 




इस वर्ष जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर के निर्देशन में पूरे जिले में ‘एक राखी सैनिक भाई के नाम’ अभियान चलाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत वीर सपूतों के प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त करने के लिए यह पहल की गई। इस अवसर पर 27 सीजी बटालियन के सुबेदार गजेंद्र सिंह विद्यालय पहुंचे, जहां छात्राओं ने उन्हें राखी बांधकर सेना के जवानों के लिए भेजी जाने वाली राखियां सौंपीं। कार्यक्रम में छात्राओं ने विद्यालय के प्राचार्य संजय एक्का, शासकीय राजीव लोचन महाविद्यालय के कैप्टन दुष्यंत ध्रुवा, एनसीसी अधिकारी सागर शर्मा को रक्षासूत्र बांधकर सीडबॉल भेंट किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद विद्यार्थी राजिम थाना पहुंचे, जहां पुलिसकर्मियों को राखी बांधकर देश-प्रदेश की सुरक्षा में उनके योगदान के लिए धन्यवाद दिया। टीआई अमृतलाल साहू ने बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस आयोजन में व्याख्याता मधु गुप्ता, पूजा मिश्रा, शिखा महाड़िक, नीता यादव, सरिता साहू, पुनेश्वर बाघमार सहित छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को राखी बांधकर भाई-बहन के प्रेम और देशभक्ति की भावना के साथ रक्षाबंधन पर्व को हर्षोल्लास से मनाया।

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads