भारत को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में जीएसटी सुधार :- जगदीश रामू रोहना - fastnewsharpal.com
फास्ट न्यूज हर पल समाचार पत्र,

भारत को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में जीएसटी सुधार :- जगदीश रामू रोहना

 भारत को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में जीएसटी सुधार  :- जगदीश रामू रोहना 



गरियाबंद 

 पूर्व प्रदेश महामंत्री एवं धमतरी के महापौर रहे जगदीश रामू रोहरा ने जिला भाजपा कार्यालय गरियाबंद में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर एक आर्थिक महाशक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।


उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने आयकर में ऐतिहासिक छूट देने के बाद अब जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) में बड़े सुधार किए हैं। इसमें जीएसटी की स्लैब कम कर दी गई है, कई आवश्यक वस्तुओं पर कर शून्य कर दिया गया है और अनेक उत्पादों पर टैक्स में 10 प्रतिशत तक की कमी की गई है। यह बदलाव आम जनता को राहत देने के साथ-साथ व्यापार और उद्योग जगत को नई गति प्रदान करेंगे।


रोहरा ने कहा कि नए प्रावधानों से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को सर्वाधिक लाभ मिलेगा। तेल, शैम्पू, टूथपेस्ट, पनीर, सिलाई मशीन, शैक्षिक सामग्री, स्वास्थ्य और जीवन बीमा, कृषि उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक और ऑटोमोबाइल उत्पाद अब अधिक किफायती हो गए हैं। किसानों के लिए भी यह सुधार वरदान साबित होंगे क्योंकि शैटर, हार्वेस्टर, रोटावेटर और जैव कीटनाशकों पर जीएसटी घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है।


उन्होंने बताया कि जीएसटी से करदाताओं की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। वर्ष 2017 में यह 66.5 लाख थी, जो 2025 में बढ़कर 1.51 करोड़ तक पहुंच गई है। वर्ष 2024-25 में सकल जीएसटी संग्रह 22.08 लाख करोड़ रुपये रहा, जो केवल चार वर्षों में दोगुना हो गया है।


पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि बीमा और स्वास्थ्य सेवाओं पर कर घटाए जाने से आम जनता को सस्ती बीमा सुविधा मिलेगी। 


रोहरा ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विपक्ष केवल राजनीति कर जनता को गुमराह कर रहा है। कांग्रेस पहले जीएसटी को “गब्बर सिंह टैक्स” कहकर मज़ाक उड़ाती थी, लेकिन अब उसी जीएसटी सुधार का श्रेय लेने की होड़ में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि जीएसटी वास्तव में “गुड एंड सिंपल टैक्स” बन चुका है और इसे सस्ती राजनीति का शिकार नहीं बनाना चाहिए।


इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर, जिला महामंत्री डॉ. आशीष शर्मा, चंद्रशेखर साहू जिला उपाध्यक्ष प्रीतम सिन्हा जिला कोषाध्यक्ष अजय रोहरा जिला मंत्री सुरेंद्र सोनटेके उपस्थित रहे।

Previous article
Next article

Articles Ads

Articles Ads 1

Articles Ads 2

Advertisement Ads