*निलंबित सरपंच का रुतबा बरकरार , पंचायत के निर्माण कार्य पर है निलंबित सरपंच का दखल*
*निलंबित सरपंच का रुतबा बरकरार , पंचायत के निर्माण कार्य पर है निलंबित सरपंच का दखल*
तेजस्वी / छुरा
मिली जानकारी अनुसार ग्राम पंचायत रानीपरतेवा में निर्माण कार्यों में भारी अनियमितता के साथ भ्रष्टाचार उजागर हुआ है, वही छुरा जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रुचि शर्मा को इसकी शिकायत मिलने पर भी निलंबित सरपंच श्रीमती केशरी नेताम के द्वारा बेरोकटोक सरकारी निर्माण कार्य कराया जा रहा है ।
बता दें कि ग्राम पंचायत रानीपरतेवा के कार्य एजेंसी के अधिनस्थ हायर सेकंडरी स्कूल के अहाता ( बाउंड्री वॉल ) के लिए 5 लाख रूपए व पूर्व माध्यमिक विद्यालय (बालक ) एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय ( कन्या ) के मैदान समतलीकरण कार्य के लिए 2-2 लाख रूपए शासन से स्वीकृत हुआ है । इसी प्रकार आवासपारा में स्कूल के नाम से 5 लाख रूपये लागत से बाउंड्रीवाल स्वीकृत हुआ है ! इन सभी निर्माण कार्य को बेखौफ होकर निलंबित सरपंच श्रीमती केशरी नेताम के द्वारा करवाया जा रहा है। जबकि ग्राम पंचायत के वर्तमान पंचायत बाडी को इस संबंध में कोई जानकारी नहीं हैं कि सरपंच के निलंबन के बाद इन स्वीकृत निर्माण कार्य को कौन करेगा ! इस निर्माण कार्य के पीछे जनपद कृषि सभापति प्रहलाद यदु एवं निलंबित सरपंच के पति हेमलाल नेताम (पूर्व सरपंच ) तथा विकास खंड छुरा के कुछ अधिकारियों की शह और मिली-भगत बताया जा रहा है ।
विदित हो कि श्रीमती केशरी नेताम विगत छः महीने से सरपंच पद से भ्रष्टाचार और अनियमितता के शिकायत के चलते सरपंच पद से निलंबित है । वर्तमान में सरपंच पद पर श्रीमती आसबाई ध्रुव कार्यवाहक सरपंच के रूप में कार्यरत है । गौरतलब है कि 25 जुलाई को ग्राम रानीपरतेवा में " मेरी पंचायत मेरा अधिकार - जनसेवाएं हमारे द्वारा अभियान " विषय को लेकर विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया था ! जिसमें प्राथमिक शाला ,हायर सेकण्डरी स्कूल और पूर्व माध्यमिक शालाओं में निलंबित सरपंच द्वारा अवैध रूप किये जा रहे निर्माण कार्य का भारी विरोध हुआ था ! सचिव काशीराम साहू को इस संबंध में प्रश्न पूछा गया तो उनने अपने पास पंचायत का कोई भी रजिष्टर नहीं है मैं कोई भी उत्तर नहीं दे पाउंगा ,बताया गया ! इस निर्माण कार्य को जनपद कृषि सभापति प्रहलाद यदु के पुत्र कुलदीप यदु निलंबित सरपंच केशरी नेताम को 30% कमीशन देकर कर रहा है ! कुलदीप यदु द्वारा ही हेमलाल नेताम के कार्यकाल में ग्राम रानीपरतेवा के अनेक सरकारी भवन और 523 शौचालय का 30% कमीशन में ठेका लेकर बनाया था ! जिसका उस समय भी सरपंच के विरूद्ध ग्रामीणों का भारी आक्रोश देखने को मिला था ! जनपद कृषि सभापति अपने पद का दुरूपयोग करते हुए अपने परिवार के नाम पर सरकारी योजनाओं का अनैतिक रूप से लाभ ले रहा है ! विकास के नाम पर गांव में यदि किसी का विकास हो रहा है तो केवल प्रहलाद यदु और हेमलाल नेताम के परिवार का ! गांव का बिल्कुल नहीं ! कृषि सभापति प्रहलाद यदु अपने कृषि खातों को छोटे छोटे टुकड़ों में विभाजित कर गरीबी रेखा का फायदा उठाते हुए सरकारी योजनाओं का अवैधानिक एवं अनुचित लाभ ले रहा है ! महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत " रेडी टू ईट " योजना में 5 वर्ष के विरूद्ध 15 वर्षों से लगातार काबिज है ! जिसमें उसी के परिवार के सभी महिलाएं शामिल हैं ! कृषि सभापति गरीबी रेखा का फायदा उठाकर कृषि विभाग से आंख मुंदकर लाखों रूपये के अनुदान से पशु शैड बनाये हैं ! विभाग के अधिकारी जांच के घेरे में है ! विदित हो कि जनपद कृषि सभापति प्रहलाद यदु और निलंबित सरपंच के पति हेमलाल (पूर्व सरपंच ) के दादागिरी के चलते निलंबित सरपंच द्वारा कराये जा रहे निर्माण कार्य आज भी बदस्तूर जारी है ! सरपंच आसबाई ध्रुव द्वारा मुख्य कार्यपालन अधिकारी ,छुरा को फोन के माध्यम से इस संबंध में अवगत कराया गया तो उनने उल्टा ग्राम पंचायत के सभी सदस्यों को एक होकर निर्माण कार्य को रूकवाने के लिए बोला गया ! गौरतलब है कि निलंबित सरपंच केशरी नेताम के पति हेमलाल नेताम के सरपंची कार्यकाल 2015-2020 के दौरान मनरेगा और अन्य योजना के तहत 7-8 करोड़ रूपये के हुए निर्माण कार्य में भारी भ्रष्टाचार एवं अनियमितता का बोलबाला था ! ग्रामवासियों ने इन दोनों पति -पत्नी के कार्यकाल में हुए भारी भ्रष्टाचार एवं अनियमितता को लेकर छ: माह पूर्व कलेक्टर गरियाबंद को लिखित शिकायत किया था ! शासन द्वारा सरपंच केशरी नेताम को तो पद से निलंबित कर दिया गया पर भ्रष्टाचार एवं अनियमितता के नाम पर जांच का कार्य आज तक नहीं किया गया ! शासन के उच्च पद पर बैठे अधिकारियों की मिलीभगत से इन निर्माण कार्यों में भ्रस्टाचार किया जा रहा है ! निलंबित सरपंच द्वारा निलंबन के 6 माह बाद भी सरकारी निर्माण कार्य का चालू रहना इस बात का स्पष्ट उदाहरण है !
पूर्व जनपद सदस्य प्रतिनिधि एवं जागरुक युवा नेता सोमन यदु का कहना है कि कोई भी निलंबित सरपंच इस तरह का निर्माण कार्य करने का दुस्साहस नहीं कर सकता , जरुर इसमें विभाग के किसी न किसी उच्चाधिकारी का हाथ और मिली-भगत है !
हायर सेकण्डरी स्कूल ,रानीपरतेवा के अध्यक्ष धनसाय निषाद का कहना है कि निलंबित सरपंच के द्वारा इस तरह निर्माण कार्य किए जाने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर प्रभाव पड़ना लाजिमी है । क्योंकि संबंधित इंजीनियर द्वारा तो इसका कोई निरीक्षण/ पर्यवेक्षण होना नहीं है ।इसे तत्काल रोका जाना चाहिए ।
सरपंच आसबाई ध्रुव का कहना है कि अधिकारियों के साथ न देने पर मैं इन लोगों के दादागिरी के सामने नतमस्तक हूं ,मजबूर हूं !
उपरोक्त आरोप के संबंध मे जानकारी लिए जाने पर जनपद पंचायत मुख्यकार्य पालन अधिकारी सुश्री रुचि शर्मा ने बताई कि इस प्रकार की शिकायत लेकर कुछ ग्रामीण व जनप्रतिनिधि आये थे। जांच करवाने के पश्चात ही कुछ बता पाउंगी।


